तुम्हें झाड़-पोंछकर नहा है बोलने वाली शिक्षिका निलंबित, स्कूल स्टाफ व बच्चों के व्यवहार की शिकायतों पर कार्रवाई
मौदहा। विकासखंड के उच्च प्राथमिक विद्यालय रिवन (कंपोजिट) की प्रधानाध्यापिका संदीपा कुमारी को विभिन्न शिकायतों की जांच के बाद निलंबित कर दिया गया है। विद्यालय के स्टाफ और बच्चों के साथ उनके कथित व्यवहार को लेकर शिकायतें सामने आई थीं।
रिपोर्ट के अनुसार, प्रधानाध्यापिका के खिलाफ मुख्यमंत्री पोर्टल सहित तहसील दिवस में भी शिकायतें की गई थीं। शिकायतों के बाद बीईओ स्तर से स्थलीय जांच कर शिकायतकर्ताओं के बयान दर्ज किए गए।
जांच में कक्षा सात के छात्र आनंद पुत्र प्रमोद ने बताया कि विद्यालय में खाना अच्छा नहीं बनता। वहीं कक्षा आठ की छात्रा प्राची ने थाली न मिलने और पेयजल की व्यवस्था ठीक नहीं होने की शिकायत की।
बच्चों और शिक्षकों से कथित अभद्र व्यवहार का आरोप
जांच के दौरान प्रधानाध्यापिका पर छात्राओं को कथित तौर पर झाड़-पोंछ करने के लिए कहने और शिक्षकों से विवाद करने जैसे आरोप भी सामने आए। रिपोर्ट में यह भी उल्लेख है कि प्रधानाध्यापिका बच्चों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं समझती थीं।
पूर्व में हुई तहसील दिवस की शिकायत में विद्यालय की रसोइयों ने भी प्रधानाध्यापिका पर खाद्यान्न चोरी का आरोप लगाया था, जबकि प्रधानाध्यापिका ने आरोपों को निराधार बताया था।
जांच के बाद निलंबन की कार्रवाई
प्रारंभिक जांच के बाद खंड शिक्षा अधिकारी ने प्रधानाध्यापिका को नोटिस जारी किया था। इसके जवाब में प्रधानाध्यापिका ने लिखित रूप से बताया कि उनके द्वारा सफाई कराई गई है और शेष कार्य गतिमान हैं। हालांकि, निरीक्षण के दौरान कुछ बिंदुओं पर स्थिति संतोषजनक नहीं पाए जाने की बात रिपोर्ट में कही गई है।
बीएसए मुकेश कुमार खर्वार के अनुसार, प्रधानाध्यापिका द्वारा अपने पद से जुड़ी जिम्मेदारियों के निर्वहन में लापरवाही एवं स्वेच्छाचारिता बरतने, एमडीएम में अनियमितता, मानक एवं गुणवत्तायुक्त भोजन बच्चों को नहीं देने तथा अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना जैसे आरोपों को देखते हुए उन्हें निलंबित किया गया है।
निलंबन की कार्रवाई के बाद मामले में विभागीय जांच आगे जारी रहेगी।
