पुरानी पेंशन के लिए ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने निकाली तिरंगा यात्रा
लखनऊ। पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल करने की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश पंचायतीराज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ ने बुधवार को तिरंगा यात्रा निकाली। कैसरबाग स्थित शहीद स्मारक से शुरू हुई यात्रा में सैकड़ों कर्मचारियों ने हाथों में तिरंगा लेकर पुरानी पेंशन बहाली के समर्थन में आवाज बुलंद की।
कर्मचारियों ने दिवंगत डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तक पैदल मार्च किया। इसके बाद जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया।
प्रदेशभर में प्रदर्शन का ऐलान
जिलाध्यक्ष रामकिशन और महामंत्री मयंक के नेतृत्व में कर्मचारियों ने प्रदर्शन के दौरान एनपीएस गो बैक के नारे लगाए। कर्मचारियों ने केंद्र और राज्य सरकार से पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने की मांग की।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष बसंतलाल ने तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने बताया कि 20 अगस्त को प्रदेशभर में पंचायतीराज विभाग के सफाई कर्मचारी पुरानी पेंशन की मांग को लेकर प्रदर्शन करेंगे।
कई कर्मचारी संगठनों ने दिया समर्थन
तिरंगा यात्रा को राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, राज्य कर्मचारी महासंघ, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी महासंघ, यूटीक पेंशन बचाओ मंच और ऑल इंडिया एनपीएस कर्मचारी फेडरेशन समेत कई संगठनों ने समर्थन दिया। विभिन्न विभागों के कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी भी यात्रा में शामिल हुए।
ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने कहा कि पुरानी पेंशन उनकी प्रमुख मांग है और इसके लिए आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा।
