Primary Ka Master Latest Updates👇

Thursday, August 20, 2026

हार्ट-अटैक से हुई थी कार में मिले शिक्षक की मौत

हार्ट-अटैक से हुई थी कार में मिले शिक्षक की मौत:सीतापुर में 2 दिन पहले कार में मिला था शव,पैतृक गांव में हुआ अंतिम संस्कार

सीतापुर में मृत मिले शिक्षक राधेश्याम पटेल की मौत की हार्ट अटैक से हुई है। डॉक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया, जिसमें हृदयाघात से मौत होने की पुष्टि हुई। शनिवार को शिक्षक का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव डाडाबाद, खैराबाद में किया गया। उनकी मौत से पत्नी और बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं विद्यालय परिवार में भी शोक की लहर है।

मृतक कोतवाली देहात के इस्माइलपुर मोहल्ला निवासी करीब 50 वर्षीय राधेश्याम जनता माध्यमिक विद्यालय सोनारी में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। परिजनों के मुताबिक राधेश्याम को किसी गंभीर बीमारी की जानकारी नहीं थी और वह दवाओं का भी कम ही सेवन करते थे। ऐसे में अचानक हार्ट अटैक से हुई मौत की जानकारी से परिवार के लोग भी स्तब्ध हैं।


जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे राधेश्याम अपनी मारुति 800 कार से स्कूल में शिक्षण कार्य के लिए घर से निकले थे। शहर कोतवाली क्षेत्र में फायर ब्रिगेड के पास पहुंचने पर उनकी कार का टायर पंचर हो गया। उन्होंने सड़क किनारे कार खड़ी की और टायर बदलने का प्रयास करने लगे

इसी दौरान अचानक उनके सीने में तेज दर्द हुआ। टायर बदलने का काम बीच में छोड़कर वह कार की ड्राइवर सीट के बगल वाली सीट पर जाकर बैठ गए। इसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई और वह कार से बाहर नहीं निकल सके।


करीब 10 बजे तक कार एक ही स्थान पर खड़ी रही। कार का दरवाजा खुला था और अंदर कोई हलचल नहीं दिखाई दे रही थी। इस पर आसपास के दुकानदारों को शक हुआ। उन्होंने कार के अंदर जाकर देखा तो राधेश्याम अचेत अवस्था में पड़े थे। जांच करने पर उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट में हार्ट अटैक से मौत की पुष्टि होने के बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया। शिक्षक की मौत के बाद शिक्षकों में मायूसी है।

हार्ट-अटैक से हुई थी कार में मिले शिक्षक की मौत Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link