Primary Ka Master Latest Updates👇

Tuesday, August 4, 2026

शिक्षक पर झूठे आरोप लगाने के मामले में शिक्षिका निलंबित

 शिक्षक पर झूठे आरोप लगाने के मामले में शिक्षिका निलंबित

अयोध्या। रुदौली ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय, करीमपुर में शिक्षक पर लगाए गए गंभीर आरोपों के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मामले की जांच में शिकायत सही नहीं मिलने पर बीएसए लालचंद्र ने सहायक अध्यापिका कोमल को निलंबित कर दिया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच बैठा दी गई है।





करीब 10 दिन पहले शिक्षिका ने विद्यालय के सहायक अध्यापक श्रीप्रकाश पाठक पर छात्रा से दुर्व्यवहार और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए शिकायत की थी। मामला सामने आने के बाद बीएसए ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की। समिति ने छात्राओं, विद्यालय स्टाफ और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ के बाद अपनी रिपोर्ट बीएसए को सौंपी।




रिपोर्ट के अनुसार, शिक्षक के खिलाफ लगाए गए आरोपों की पुष्टि नहीं हुई। जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि शिकायत तथ्यों से मेल नहीं खाती। साथ ही यह भी उल्लेख किया कि छात्राओं को प्रभावित कर शिक्षक के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश की गई। निलंबन अवधि में उन्हें ब्लॉक संसाधन केंद्र पूरा से संबद्ध किया गया है। विभागीय जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी पूरा रयाजुद्दीन को जांच अधिकारी बनाया गया है, जिन्हें 15 दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।


यह था मामला




सहायक अध्यापिका के कहने पर विद्यालय की एक छात्रा ने सहायक अध्यापक पर व्हाट्सएप पर आपत्तिजनक संदेश भेजने, अभद्र व्यवहार करने और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया था। छात्रा का बयान और आरोपों से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आया। मामले की गंभीरता को देखते हुए बीएसए ने 25 जुलाई को तीन सदस्यीय जांच समिति गठित कर जांच शुरू कराई। इसी जांच की रिपोर्ट के आधार पर अब विभाग ने शिकायत करने वाली शिक्षिका के खिलाफ कार्रवाई की है। 

शिक्षक पर झूठे आरोप लगाने के मामले में शिक्षिका निलंबित Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link