सरकारी स्कूल का गेट नहीं खुला... बच्चों को घंटों करना पड़ा इंतजार, अब होगी जांच
पतरघट, एक संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र की पामा पंचायत स्थित चन्द्रकला इंदू प्राथमिक विद्यालय, पामा हाट में सोमवार को निर्धारित समय पर विद्यालय नहीं खुलने से छात्र-छात्राओं व अभिभावकों में नाराजगी फैल गई।
सुबह विद्यालय पहुंचे बच्चे, शिक्षक-शिक्षिकाएं और रसोइया करीब 10:30 बजे तक मुख्य गेट पर इंतजार करते रहे।
चाबी प्रधानाध्यापिका के पास रहने के कारण पठन-पाठन शुरू नहीं हो सका। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हुई।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रधानाध्यापिका उमा भारती की लापरवाही के कारण विद्यालय अक्सर समय पर नहीं खुलता है, जिससे कई बार बच्चों को बिना पढ़ाई किए घर लौटना पड़ता है। अभिभावकों ने मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इसकी शिकायत पहले भी विभागीय अधिकारियों से की गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। करीब 10:35 बजे प्रधानाध्यापिका के पहुंचने पर बीच कहासुनी होने लगी। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए। घटना से नाराज ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई तथा विद्यालय का नियमित संचालन सुनिश्चित कराने की मांग की। प्रधानाध्यापिका उमा भारती ने बताया कि वाहन छूट जाने के कारण वह लगभग एक घंटे विलंब से पहुंचीं। उन्होंने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बताया। इधर, बीडीओ सह प्रभारी बीईओ इन्द्रदेव कुमार निराला ने कहा कि मामले की जानकारी मिली है। जांच के बाद संबंधित से स्पष्टीकरण लिया जाएगा और संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विद्यालय में 116 नामांकित बच्चों की पढ़ाई के लिए पांच शिक्षक-शिक्षिकाएं।
