उपस्थिति पंजी में 111 बच्चे दर्ज, जांच में मिले महज 19
मध्याह्न भोजन (मिड डे मील) योजना में अनियमितता और बच्चों की गलत उपस्थिति दर्ज करने के मामले में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (पीएम पोषण योजना), सीवान ने कड़ा रुख अपनाया है। रा. उत्क्रमित मध्य विद्यालय चांदपाली हिंदी के सहायक शिक्षक इन्द्रजीत प्रसाद के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने का आदेश दिया गया है। मामले की जांच के लिए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (जीरादेई /पचरुखी) को जांच पदाधिकारी नियुक्त किया गया है।
जारी कार्यालय आदेश के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को हुए निरीक्षण के दौरान विद्यालय में नामांकित 237 बच्चों के विरुद्ध उपस्थिति पंजी में 111 बच्चे दर्ज थे,
जबकि भौतिक जांच में केवल 19 बच्चे ही उपस्थित पाए गए। इसके अलावा मध्याह्न भोजन योजना के अभिलेखों का अद्यतन न होना, विद्युत उपकरणों की स्थिति, शिक्षकों की उपस्थिति और परिसर की साफ-सफाई में भी भारी अनियमितता पाई गई थी।
इन आरोपों के आलोक में बिहार सरकारी सेवक नियमावली, 2005 के तहत विभागीय जांच शुरू की गई है। जांच पदाधिकारी को 45 दिनों के भीतर रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। वहीं आरोपित शिक्षक को आरोप पत्र मिलने के 15 दिनों के अंदर अपना लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा गया है। निलंबन अवधि के दौरान शिक्षक का मुख्यालय प्रखंड संसाधन केंद्र, पचरुखी निर्धारित किया गया है
