Primary Ka Master Latest Updates👇

Wednesday, September 23, 2026

शिक्षा निदेशालय में छात्रों को रोकने पर गहमागहमी:-टीजीटी-पीजीटी भर्ती पुरानी नियमावली से कराने की मांग को लेकर आंदोलन तेज

शिक्षा निदेशालय में छात्रों को रोकने पर गहमागहमी:-टीजीटी-पीजीटी भर्ती पुरानी नियमावली से कराने की मांग को लेकर आंदोलन तेज

टीजीटी-पीजीटी भर्ती पुरानी नियमावली के अनुसार कराने की मांग को लेकर प्रतियोगी छात्रों का आंदोलन मंगलवार को भी जारी रहा। शिक्षा निदेशालय परिसर पूरे दिन नारेबाजी से गूंजता रहा। पुलिस ने भी परिसर में कड़ा सुरक्षा घेरा बनाए रखा। दिन में कई बार पुलिस और प्रशासन के अधिकारी प्रतियोगी छात्रों से वार्ता का प्रयास करते रहे, लेकिन आंदोलनकारी जिलाधिकारी के आने और लिखित आश्वासन की मांग पर अड़े रहे। इसी बीच लखनऊ में नियुक्तिपत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने माध्यमिक शिक्षा मंत्री को एनसीटीई को पत्र लिखकर नियमों में छूट का रास्ता तलाशने के निर्देश दिए। इस पर आंदोलनकारियों को उम्मीद जगी, लेकिन उन्होंने कहा कि लिखित आश्वासन मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।






स्थिति तब बिगड़ने लगी जब शाम करीब 5:30 बजे 200 से ज्यादा प्रतियोगी छात्र-छात्राएं शिक्षा निदेशालय के मुख्य गेट के सामने धरने पर बैठ गए। पुलिस ने गेट पर बैरिकेड लगाकर प्रवेश रोकने का प्रयास किया। इस पर छात्रों ने बैरिकेड हटाकर सड़क पर रख दिया और गेट के सामने बैठकर नारेबाजी शुरू कर दी। गेट खोलने और बंद करने को लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई। इससे कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई। देर शाम तक पुलिस और प्रशासन के अधिकारी प्रदर्शनकारियों से परिसर खाली कराने को लेकर बातचीत करते रहे। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे आशुतोष पांडेय ने कहा कि पुलिस से उनका कोई विवाद नहीं है। उनकी लड़ाई शिक्षा निदेशालय और अपनी मांग को लेकर है। उन्होंने कहा कि ठोस और सकारात्मक वार्ता होने तक अभ्यर्थी शिक्षा निदेशालय से नहीं हटेंगे। विदित हो कि नई नियमावली के विरोध में आंदोलन पत्थर गिरजाघर के पास धरना स्थल पर चल रहा था। सोमवार को प्रतियोगी शिक्षा निदेशालय पहुंच गए थे। वहीं सभा करने के बाद भोजन किया और रात बिताई। मंगलवार सुबह अभ्यर्थियों की संख्या कम होने पर गेट पर बैरियर लगा दिया गया। परिसर के भीतर कम संख्या में अनशनकारी बैठे रहे, जबकि गेट के बाहर बड़ी संख्या में प्रतियोगी छात्र नारेबाजी करते रहे।




बैरिकेडिंग के विरोध में शुरू किया राष्ट्रगान




मंगलवार सुबह करीब 11 बजे शिक्षा निदेशालय के पास बड़ी संख्या में पहुंचे प्रतियोगी छात्रों को पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोक दिया। इसके विरोध में छात्रों ने राष्ट्रगान शुरू कर दिया। छात्रों ने कहा कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग उठा रहे हैं। शाम करीब साढ़े सात बजे बारिश शुरू हो गई। इसके बावजूद प्रतियोगी छात्र प्रदर्शन स्थल पर डटे रहे।




अंदर जाने से रोकने पर जताया विरोध




शिक्षा निदेशालय में बैरिकेडिंग कर छात्रों को अनशन स्थल पर जाने से रोके जाने पर प्रतियोगियों ने विरोध जताया। छात्रों ने कहा कि जब उन्हें परिसर के भीतर नहीं जाने दिया जा रहा है तो कर्मचारियों को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। इसको लेकर छात्रों और पुलिस के बीच कुछ देर बहस होती रही।



शिक्षा निदेशालय में छात्रों को रोकने पर गहमागहमी:-टीजीटी-पीजीटी भर्ती पुरानी नियमावली से कराने की मांग को लेकर आंदोलन तेज Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link