टीजीटी-पीजीटी मामले में एनसीटीई को पत्र लिख युवाओं को दिलाएं राहत:सीएम
लखनऊ। प्रयागराज में आंदोलनरत युवाओं को राहत दिलाने के लिए राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) को पत्र लिखने के निर्देश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिए हैं।
प्रयागराज में आंदोलनरत युवाओं को राहत दिलाने के लिए राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) को पत्र लिखने के निर्देश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिए हैं। पिछले पांच सितंबर से धरने पर बैठे युवा माध्यमिक स्कूलों में टीजीटी-पीजीटी शिक्षक भर्ती में नियमों में छूट की मांग कर रहे हैं। खासकर टीईटी से छूट की मांग कर रहे हैं।
राजधानी के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में योगी ने मंच से कहा कि मैंने अभी माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी से कहा है कि राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) को पत्र लिखा जाए। प्रयागराज में कुछ युवा धरने पर बैठे हैं। एक बार उन युवाओं के लिए रिलैक्सेशन किया जाए अथवा ऐसी व्यवस्था बनाई जाए कि एक समय के बाद वे युवा प्रतियोगी परीक्षाओं में प्रतिभाग कर सकें। कोई एक सिस्टम तैयार किया जाना चाहिए। जड़ता की शिकार व्यवस्था नौजवानों के हौसलों को रोकने का काम करती है। मुख्यमंत्री ने पिछले 17 दिनों से आंदोलनरत युवाओं को राहत दिलाने का काम किया है। आंदोलनरत युवा नए विज्ञापन वर्ष 2026 टीजीटी में अचानक टीईटी को लागू किए जाने का विरोध कर रहे हैं और इससे छूट देने की मांग कर रहे हैं।

