68500 सहायक शिक्षक भर्ती में आरक्षण घोटाले का आरोप, अभ्यर्थियों ने इको गार्डन में किया प्रदर्शन
68500 सहायक शिक्षक भर्ती में आरक्षण घोटाले का आरोप, अभ्यर्थियों ने इको गार्डन में किया प्रदर्शन
लखनऊ। वर्ष 2018 की 68500 सहायक शिक्षक भर्ती में आरक्षण में अनियमितता का आरोप लगाते हुए अभ्यर्थियों ने बुधवार को इको गार्डन में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन को सरदार सेना ने भी समर्थन दिया।
आंदोलन का नेतृत्व आशुतोष वर्मा, तूफान सिंह, नवीन चौधरी और अखिल कुमार यादव ने किया। अभ्यर्थियों ने ओबीसी को पांच प्रतिशत छूट नहीं दिए जाने का विरोध करते हुए राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के 7 जुलाई 2026 के आदेश के अनुपालन की मांग उठाई।
अभ्यर्थियों के मुताबिक आयोग ने 60 अंक पाने वाले ओबीसी अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की बात कही थी। भर्ती की करीब 23,000 रिक्त सीटों में लगभग 9,000 सीटें ओबीसी वर्ग की बताई जा रही हैं।
अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि दिव्यांगजन, भूतपूर्व सैनिक और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रितों को भी आरक्षण का अपेक्षित लाभ नहीं मिला। सरदार सेना प्रमुख डॉ. आरएम पटेल ने इसे सम्मान और अधिकार की लड़ाई बताया।
प्रदर्शनकारियों ने 5 सितंबर से पहले नियुक्ति पत्र जारी करने की मांग की है।

