शिक्षकों के लंबित वेतन व स्थानांतरण मामलों का शीघ्र करें निष्पादन : डीएम
सीवान. शिक्षा विभाग की योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा बुधवार को समाहरणालय में जिला पदाधिकारी विजय प्रकाश मीणा ने की बैठक में शिक्षा विभाग से जुड़े विभिन्न लंबित मामलों, योजनाओं और विद्यालयों में संचालित कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गयी. डीएम ने सभी लंबित मामलों का नियमानुसार और समयबद्ध तरीके से निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश अधिकारियों को दिया. बैठक में शिक्षकों के वेतन भुगतान की स्थिति की समीक्षा की गयी. इस दौरान लंबित वेतन भुगतान के मामलों को शीघ्र निष्पादित करने का निर्देश दिया गया. डीएम ने कहा कि किसी भी शिक्षक का वेतन अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहना चाहिए, शिक्षकों के स्थानांतरण से जुड़े लंबित मामलों की भी समीक्षा हुई. डीएम ने नियमानुसार स्थानांतरण संबंधी मामलों का शीघ्र निष्पादन करने को कहा, वहीं अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति के लंबित मामलों को भी प्राथमिकता के आधार पर निबटाने का निर्देश दिया.
अपार आइडी निर्माण में तेजी लाने का निर्देशः बैठक में छात्र-छात्राओं के अपार आईडी निर्माण की प्रगति की भी समीक्षा की गयी. डीएम ने जिले में शत प्रतिशत विद्यार्थियों का अपार आईडी बनाने का लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया. इसके लिए विद्यालय स्तर पर नियमित अनुश्रवण करने और कार्य में तेजी लाने को कहा गया, छात्र-छात्राओं को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत मिलने वाली राशि के भुगतान की स्थिति की भी समीक्षा की गयी.
आदर्श विद्यालयों की योजनाओं की भी हुई समीक्षा बैठक में जिले के
सभी आदर्श विद्यालयों में संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति और क्रियान्वयन की समीक्षा की गयी. डीएम ने योजनाओं का प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने
तथा विद्यार्थियों को इसका समुचित लाभ दिलाने पर जोर दिया. विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया, इसके अलावा विद्यालयों में आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन के लिए आवश्यकतानुसार कमरा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया. डीएम ने विभागीय समन्वय के साथ विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने को कहा.
बैठक में उप विकास आयुक्त अमियाभसिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह, सभी डीपीओ, सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, आदर्श विद्यालयों के प्रधानाचार्य तथा बीएसईआईडीसी के कनीय अभियंता मौजूद थे.

