69000 शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों ने निकाला मार्च, पुलिस ने रोका
लखनऊ। 69000 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने बुधवार को अपनी मांगों को लेकर विधानसभा मार्च निकाला। सुबह करीब 11 बजे बड़ी संख्या में अभ्यर्थी चारबाग रेलवे स्टेशन से विधानसभा की ओर रवाना हुए। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने रास्ते में ही अभ्यर्थियों को रोक लिया और बाद में सभी को इको गार्डन ले जाया गया।
अभ्यर्थियों का कहना है कि वे पिछले करीब छह वर्षों से नियुक्ति की मांग कर रहे हैं। उनका आरोप है कि भर्ती में आरक्षण संबंधी विसंगतियों को लेकर मामला लंबे समय से लंबित है।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे आशुतोष पटेल ने बताया कि बेसिक शिक्षा विभाग ने करीब चार वर्ष पहले आरक्षण विसंगति को सुधारकर 6800 ओबीसी-एससी अभ्यर्थियों की सूची जारी की थी, लेकिन अब तक इनकी नियुक्ति नहीं हुई है।
अभ्यर्थियों के अनुसार सुप्रीम कोर्ट में 8 सितंबर से मामले की नियमित सुनवाई प्रस्तावित है। उनका आरोप है कि विभाग इस सूची पर कोई पैरवी नहीं कर रहा है। अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर मामले में हस्तक्षेप और नियुक्ति दिलाने की मांग की है।

