राष्ट्रपति-सीएम से सम्मानित शिक्षिका ने भी दिया UPTET प्रत्यावेदन
प्रयागराज। परिषदीय विद्यालयों में बेहतर शिक्षा और नवाचार के लिए 2023 में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित फतेहपुर के प्राथमिक विद्यालय अस्ती की प्रधानाध्यापिका आशिया फारूकी भी यूपीटीईटी की ओएमआर भरने में हुई गलती के लिए प्रत्यावेदन देने बुधवार को उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग पहुंचीं थीं। आशिया फारूकी ने ओएमआर पर रोल नंबर शब्दों में तो सही लिखा था लेकिन गोला भरने में एक अंक में गड़बड़ी हो गई थी। इससे उनका परिणाम रिजेक्ट हो गया था। नवाचार और उत्कृष्ट शिक्षण के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों सम्मान पाने के अलावा कई पुरस्कार जीतने वाली आशिया यूपीटीईटी का परिणाम रिजेक्ट होने के कारण तनाव में दिख रही थीं।
यूपीटीईटी में आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को पास होने के लिए 150 अंकों में से न्यूनतम 82 मिलने चाहिए थे। शामली के आरक्षित वर्ग के गौरव कुमार (उच्च प्राथमिक स्तर अनुक्रमांक 0521300454 का नॉर्मलाइजेशन स्कोर 81.99967 है) होने के कारण वह नॉट क्वालीफाइड (अनर्ह) हो गए है। गौरव पास होने से मात्र 0.00033 अंक पीछे रह गए।
ओबीसी वर्ग के ही एक अभ्यर्थी का प्राथमिक स्तर की यूपीटीईटी में नॉर्मलाइजेशन स्कोर 81.97880 है। वह मात्र 0.0212 अंक से असफल हो गया। जबकि आरक्षित वर्ग के एक अन्य अभ्यर्थी का नॉर्मलाइल्ड स्कोर 81.07772 है। वह 0.92228 अंकों से असफल हो गया है। अनारक्षित वर्ग के एक अभ्यर्थी भास्कर शुक्ला का नॉर्मलाइल्ड स्कोर 89.97193 है। उन्हें पास होने के लिए 90 अंक चाहिए थे लेकिन वह 0.02807 अंकों से अनर्ह हो गए।

