आठवीं तक के स्कूल बंद, भारी बारिश के अलर्ट के बीच दो जिलों के डीएम ने जारी किया आदेश
यूपी में बारिश का दौर अगले चार दिनों तक जारी रहने और कई जिलों में भारी बारिश के अलर्ट ने शहरी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश ने जगह-जगह जलजमाव भी कर दिया है। ऐसे में सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों को हो रही है। इसी देखते हुए दो जिलों चंदौली और जौनपुर में मंगलवार को आठवीं तक के स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया गया है। डीएम की तरफ से जारी आदेश में स्कूलों को सतर्कता बरतने का भी निर्देश दिया गया है।
जौनपुर के बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने बताया कि जिले में लगातार हो रही तेज बारिश और जगह-जगह जलभराव को देखते हुए एक सितंबर यानी मंगलवार को कक्षा एक से आठ तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे। आदेश का कड़ाई से पालन का निर्देश देते हुए कहा कि परिषदीय, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त के साथ सीबीएसई, आईसीएसई और यूपी बोर्ड के विद्यालयों में भी अवकाश रहेगा। हालांकि शिक्षकों को विद्यालय पहुंचना होगा। शिक्षक स्कूल में रहकर अपार, यू-डायस और दूसरे विभागीय काम पूरे करेंगे। खंड शिक्षा अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
उधर, चन्दौली ब्यूरो के अनुसार जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और अत्यधिक जलभराव को देखते हुए जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर 1 सितंबर को कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने बताया कि जनपद के सभी परिषदीय, राजकीय, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएससी और अन्य बोर्डों के हिंदी और अंग्रेजी माध्यम के कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालयों में पठन-पाठन स्थगित रहेगा।
मंगलवार को भारी बारिश का अलर्ट
वायुमंडल में मानसून के अनुकूल बने माहौल के बीच भादौ के मेघ लगातार मेहरबान हैं। सोमवार को वाराणसी और आसापास के जिलों में घूम-घूम कर बारिश होती रही। वाराणसी में सुबह ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा शहर के कुछ इलाकों जबकि शाम को शहरी क्षेत्र में तेज बारिश हुई। लगातार बारिश से सुबह से रात तक वातावरण में 94 प्रतिशत नमी छायी रही। मौसम विभाग ने मंगलवार को चमक और गरज के बीच अति वृष्टि (हैवी टू वेरी हैवी) का अलर्ट जारी किया है। वज्रपात भी संभावित है।
मौसम विभाग ने सोमवार को 12 घंटे के दौरान 25 मिमी बारिश दर्ज की है। धूपछांव के चलते बीच में कुछ देर के लिए उमस भी महसूस हुई। सोमवार को अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री एवं न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बुधवार यानी दो सितंबर को भी गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान व्यक्त किया है जबकि विभाग की राष्ट्रीय पूर्वानुमान बुलेटिन के अनुसार बनारस समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश में दो से छह सितंबर के बीच मध्यम से लेकर भारी बारिश हो सकती है।

