शिक्षक ने प्रयोगों से बदला पढ़ाई का तरीका, राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए चुनी गईं विनिता
लखनऊ। गोसाईंगंज के प्राथमिक विद्यालय अमेठी उर्दू की शिक्षिका विनिता को उत्कृष्ट शिक्षण शैली, खेल आधारित गतिविधियों और अनोखे शिक्षण प्रयोगों के लिए ‘राज्य शिक्षक पुरस्कार’ के लिए चुना गया है।
विनिता ने पढ़ाई को बच्चों के लिए रोचक बनाने के लिए कई नए प्रयोग किए। गणित में गणना और आकृतियों को आसान तरीके से समझाने के लिए उन्होंने नई शिक्षण विधियां अपनाईं। कमजोर बच्चों को अतिरिक्त कक्षाएं देकर उनकी सीखने की क्षमता बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दिया।
चयन पर उठे सवाल, जांच की मांग
हालांकि, विनिता के राज्य शिक्षक पुरस्कार के चयन पर प्राथमिक विद्यालय अमेठी उर्दू की प्रधानाध्यापिका संतोष राय ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से चयन प्रक्रिया की जांच कराने की मांग की है।
प्रधानाध्यापिका का आरोप है कि आवेदन पर उनके हस्ताक्षर फर्जी हैं। उन्होंने चयन प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की है।
