जौनपुर। उत्तर प्रदेश विश्वविद्यालय महाविद्यालय शिक्षक महासंघ के आह्वान पर सोमवार को पूर्वांचल विश्वविद्यालय शिक्षक संघ की ऑनलाइन बैठक हुई। इसमें 28 अक्तूबर को होने वाले प्रदर्शन को सफल बनाने के संबंध में विचार-विमर्श किया गया।
संघ के अध्यक्ष डा. विजय कुमार सिंह ने बताया कि 24 सूत्री मांगों के समर्थन में लखनऊ के ईको गार्डेन में सुबह 11 से एक बजे तक धरना प्रदर्शन का कार्यक्रम है। धरना के बाद विधानसभा का घेराव करने की तैयारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति को हड़बड़ी में लागू किया गया। शैक्षणिक कैलेंडर अव्यवहारिक है। महामंत्री डॉ. राहुल सिंह ने बताया कि पुरानी पेंशन नीति लागू करने, प्रोफेसर पदनाम देने, 65 वर्ष अधिवर्षता आयु करने सहित अन्य मांगों को लेकर बीते पांच अक्तूबर विश्वविद्यालय परिसर में धरना दिया गया था। उन्होंने लखनऊ में 28 अक्तूबर को प्रस्तावित धरने को
सफल बनाने की अपील की। कहा कि उस दिन सामूहिक अवकाश लेकर शिक्षक धरने में शामिल होंगे। बैठक में संघ के अध्यक्ष डॉ. विजय कुमार सिंह, महामंत्री डॉ. राहुल सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. रामजीत सिंह, उपाध्यक्ष डॉ. राजीव त्रिपाठी, संयुक्त मंत्री डॉ. दिनेश कुमार सिंह, डॉ. मनोज सिंह, कार्यालय मंत्री डॉ. नीरज कुमार सिंह, प्रांतीय प्रतिनिधि, सरफराज नवाज, कोषाध्यक्ष आसिफ क्रमाल आदि मौजूद रहे। संचालन संयुक्त मंत्री पंकज सिंह ने किया।
