औरैया। इटैली में स्कूल गिराए जाने को लेकर शिक्षक नेताओं में आक्रोश है। शिक्षक नेताओं ने जिला प्रशासन पर मनमानी का आरोप लगाया है। साथ ही यह भी कहा कि समय आने पर इस मामले को लेकर वह प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की रविवार को बैठक आयोजित हुई। इसमें शिक्षक नेताओं ने कहा कि इटैली में श्रीमती सहोदरा देवी इंटर कालेज का निर्माण ग्राम पंचायत द्वारा आवंटित भूमि पर बनाया गया था। जिसे जिला प्रशासन गैर कानूनी मानता है।
जबकि यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है। जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए विद्यालय को गिराकर अपनी मनमानी का उदाहरण पेश किया है। जिला प्रशासन द्वारा स्कूल गिराए जाने से पंजीकृत 800 छात्रों का भविष्य अंधकार में जाता दिख रहा है। संगठन के जिलाध्यक्ष उमाकांत दीक्षित ने बताया कि इस मामले की जानकारी संगठन के प्रांतीय समिति के अध्यक्ष राज बहादुर सिंह चंदेल को दे दी गई है। मामला मुख्यमंत्री तक पहुंचेगा। प्रांतीय नेताओं के इशारे पर मामले को तूल दिया जाएगा। (संवाद)
