यूपी बोर्ड परीक्षा मूल्यांकन कार्य से 685 शिक्षक अनुपस्थित, जवाब तलब; कार्रवाई की तैयारी
यूपी बोर्ड की वर्ष-2026 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं का मूल्यांकन कार्य जारी है। मूल्यांकन से रविवार को भी 685 परीक्षक अनुपस्थित रहे। अनुपस्थित रहने वाले परीक्षकों पर कार्रवाई की तैयारी है।
यूपी बोर्ड की परीक्षाएं गत 18 फरवरी से शुरू हुई थीं, जो 12 मार्च-2026 तक चलीं। परीक्षाओं के बाद गत 18 मार्च से मूल्यांकन शुरू हुआ। आगामी एक अप्रैल तक यह मूल्यांकन चलेगा। जिले के पांचों केन्द्रों पर रविवार को भी मूल्यांकन कार्य हुआ। इनमें पीएम श्री राजकीय इंटर कालेज मेरठ, एनएएस इंटर कालेज, सनातन धर्म इंटर कालेज, डीएन इंटर कालेज और एसडी ब्वायज इंटर कालेज लाल कुर्ती केंद्र शामिल है।
रविवार को हाई स्कूल में 28,232 और इंटरमीडिएट में 22,880 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन हुआ। मूल्यांकन के लिए पांचों केंद्रों पर 2,578 उप प्रधान परीक्षक और परीक्षक लगाए गए हैं। 685 परीक्षक अनुपस्थित रहे। इसके लिए इन विद्यालयों के प्रधानाचार्य को नोटिस भी जारी कर जिला विद्यालय निरीक्षक ने जवाब तलब किया है।
मूल्यांकन के बाद रिजल्ट की होगी तैयारी
मेरठ समेत प्रदेश के सभी केंद्रों पर हो रहे मूल्यांकन के पूरा होने के बाद फिर रिजल्ट की करने की प्रक्रिया शुरू होगी। आगामी 23 अप्रैल के बाद रिजल्ट घोषित होने की संभावना है। वर्ष-2025 में भी यूपी बोर्ड की हाई स्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा का परिणाम गत 25 अप्रैल 2025 को जारी किया गया था। उपरोक्त तिथि के आसपास ही परीक्षा परिणाम इस बार भी घोषित होने की संभावना है।

