Primary Ka Master Latest Updates👇

Thursday, April 2, 2026

आप वेज खाते हैं अथवा नानवेज, 📰 जनगणना में पूछे जाएंगे खानपान से लेकर डिजिटल सुविधाओं तक के सवाल

आप वेज खाते हैं अथवा नानवेज, 📰 जनगणना में पूछे जाएंगे खानपान से लेकर डिजिटल सुविधाओं तक के सवाल

प्रयागराज। आगामी जनगणना प्रक्रिया में इस बार नागरिकों से उनकी जीवनशैली से जुड़े कई महत्वपूर्ण सवाल पूछे जाएंगे। अब लोगों को यह भी बताना होगा कि वे शाकाहारी (वेज) भोजन करते हैं या मांसाहारी (नॉनवेज)। इसके साथ ही परिवार में उपयोग होने वाले खाद्य पदार्थों और खानपान की आदतों का भी विवरण दर्ज किया जाएगा।





जनगणना के दौरान केवल परिवार के सदस्यों की संख्या ही नहीं, बल्कि उनकी दैनिक जीवन से जुड़ी कई जानकारियां एकत्र की जाएंगी। इसमें परिवार के पास उपलब्ध मोबाइल फोन की संख्या, उनका उपयोग करने वाली कंपनियां, लैपटॉप व टैबलेट की संख्या और इंटरनेट सुविधा (वाई-फाई या मोबाइल डेटा) का विवरण भी शामिल होगा।




इसके अलावा घर की संरचना और सुविधाओं से जुड़ी जानकारी भी ली जाएगी। जैसे—घर की छत और दीवार किस सामग्री से बनी है, फर्श का प्रकार क्या है, पेयजल का मुख्य स्रोत क्या है, शौचालय की उपलब्धता और प्रकार, तथा गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था कैसी है।




जनगणना अधिकारियों के अनुसार, इस बार कुल 33 बिंदुओं पर जानकारी एकत्र की जाएगी। इसमें परिवार के मुखिया का नाम, सामाजिक वर्ग (अनुसूचित जाति/जनजाति या अन्य), मकान का स्वामित्व, कमरों की संख्या, परिवार में विवाहित सदस्यों की संख्या और उपयोग में आने वाले ईंधन जैसे महत्वपूर्ण पहलू शामिल हैं।

इसके साथ ही यह भी पूछा जाएगा कि परिवार के पास कौन-कौन से वाहन हैं—जैसे दोपहिया, तीनपहिया या चारपहिया। घर में एलपीजी/पीएनजी कनेक्शन की उपलब्धता, रेडियो और टीवी जैसी सुविधाओं की जानकारी भी दर्ज की जाएगी।




अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह सभी जानकारी केवल जनगणना के उद्देश्य से एकत्र की जा रही है और इसका अन्य किसी कार्य में उपयोग नहीं किया जाएगा। नागरिकों से अपील की गई है कि वे सही और पूरी जानकारी देकर गणनाकारों का सहयोग करें, ताकि देश की सटीक जनसंख्या और सामाजिक-आर्थिक स्थिति का आकलन किया जा सके।


आप वेज खाते हैं अथवा नानवेज, 📰 जनगणना में पूछे जाएंगे खानपान से लेकर डिजिटल सुविधाओं तक के सवाल Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link