Primary Ka Master Latest Updates👇

Thursday, April 2, 2026

कक्षा तीन से आठ के लिए एआई कोर्स शुरू

कक्षा तीन से आठ के लिए एआई कोर्स शुरू

नई दिल्ली विसं। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने कक्षा तीसरी से आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और कम्प्यूटेशनल थिंकिंग (सीटी) का नया पाठ्यक्रम शुरू किया है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बुधवार को यह पाठ्यक्रम शुरू किया। यह पहल छात्रों को शुरुआती स्तर से ही डिजिटल और तकनीकी कौशल से लैस करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।



धर्मेंद्र प्रधान ने इस मौके पर कहा कि यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के अनुरूप है, जिसमें नवाचार, कौशल विकास और उभरती तकनीकों पर विशेष ध्यान दिया गया है। प्रधान ने जोर देकर कहा कि फिलहाल यह पाठ्यक्रम अंग्रेजी में उपलब्ध है, लेकिन इसे जल्द भारतीय भाषाओं में ढालना जरूरी है ताकि देश के हर वर्ग और क्षेत्र के छात्र इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने भारत की बौद्धिक परंपरा का उल्लेख करते हुए आर्यभट्ट जैसे महान गणितज्ञ का उदाहरण दिया, जिन्होंने अपनी मातृभाषाओं में महत्वपूर्ण ज्ञान विकसित किया। उन्होंने एनसीईआरटी को निर्देश दिया कि वह राज्य शिक्षा निकायों के साथ समन्वय कर इस पाठ्यक्रम का सभी भारतीय भाषाओं में अनुवाद और जल्द से जल्द कार्यान्वयन सुनिश्चित करे।




इस अवसर पर केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने कहा कि यह पाठ्यक्रम देशभर के सीबीएसई स्कूलों में लागू किया जाएगा। उन्होंने इसे भविष्य की जरूरतों के अनुरूप एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि इससे छात्रों को प्रारंभिक स्तर पर ही नई तकनीकों का अनुभव मिलेगा।




सीबीएसई द्वारा विकसित यह पाठ्यक्रम कक्षा तीन से आठ के छात्रों को डिजिटल साक्षरता, तार्किक सोच, समस्या समाधान और विश्लेषणात्मक क्षमता जैसे महत्वपूर्ण कौशल सिखाने पर केंद्रित है। इसके माध्यम से स्कूली शिक्षा में आधुनिक तकनीकों को प्रारंभिक स्तर पर ही शामिल किया जा रहा है।




यह पहल न केवल छात्रों को भविष्य के लिए तैयार करेगी, बल्कि देश को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

कक्षा तीन से आठ के लिए एआई कोर्स शुरू Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link