जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) ऋतु गोयल शुक्रवार को राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज गुतहरा का निरीक्षण करने पहुंची। यहां सहायक अध्यापक रामअवतार शर्मा मौजूद मिले। प्रभारी प्रधानाचार्य चिदानंद सात व आठ सितंबर को बिना किसी सूचना के अनुपस्थित मिले। यहां पर अपन कुमार गौतम भी गैरहाजिर मिले।
यहां शिक्षक दीपेश कुमार के विद्यालय की उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर तो मिले, लेकिन वह मौके पर उपस्थित नहीं मिले। रामअवतार शर्मा से इन सभी शिक्षकों की अनुपस्थिति के बारे में पूछा गया, लेकिन वह कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके। यहां पर छात्र उपस्थिति को लेकर भी नाराजगी जताई। विद्यालय परिसर में गंदगी मिली। विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं सहायक अध्यापकों द्वारा विद्यालय के पठन-पाठन में कोई रुचि नहीं ली जा रही।
राजकीय हाईस्कूल बघना में निरीक्षण के वक्त योगेंद्र कश्यप, गजेंद्रपाल, बृजेश कुमार वर्मा मौजूद मिले। यहां प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश कुमार एवं मनमोहन सविता निरीक्षण के समय अनुपस्थित मिले। दोनों ने विभागीय कार्य से बाहर जाने की सूचना डीआईओएस के विभागीय ग्रुप में दी। राजकीय हाईस्कूल वेदई में प्रधानाचार्य प्रेम विहारी शरण शर्मा, साहूकार, धर्मेंद्र कुमार अनुपस्थित मिले। छात्र-छात्राएं निरीक्षण के समय विद्यालय परिसर में घूमते हुए मिले। अनुपस्थित मिले स्टाफ का एक दिन का वेतन रोकते हुए प्रधानाचार्य से स्पष्टीकरण मांगा गया है, अन्यथा विभागीय कार्रवाई करने की बात कही गई है।
