अमरोहा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. जीपी सिंह ने 28 अक्तूबर को डीएम कार्यालय पर होने वाले धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने का आह्वान किया है।
• मंगलवार को जेएस हिंदू इंटर कॉलेज में आयोजित संघ की बैठक में बोलते हुए डॉ. जीपी सिह ने कहा कि प्रदेशीय आवाहन पर शिक्षकों और कर्मचारियों की मांगों के समर्थन में कर्मचारी, शिक्षक, अधिकारी, पेंशनर्स अधिकार मंच के बैनर तले 28 अक्तूबर को जिलाधिकारी कार्यालय पर सुबह दस बजे से धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। कहा कि सरकार लगातार शिक्षकों की जायज मांगों को अनदेखा करती जा रही है। जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नही किया जाएगा।
पुरानी पेंशन बहाली, निःशुल्क चिकित्सा सुविधा आदि अन्य प्रमुख मांगे हैं। जिसमें अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग कर धरने को सफल बनाएं। जिला मंत्री अतुल कुमार शर्मा ने कहा कि 21 सूत्रीय मांगों के समर्थन में कर्मचारी, शिक्षक, अधिकारी एवं पेंशनर्स अधिकार मंच द्वारा धरना प्रदर्शन कर अपनी मांग का मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपेंगे। इस दौरान डॉ राजवीर सिंह यादव, गुरनाम सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद
