सरकार के खिलाफ शिक्षकों ने भड़ास निकाली, बोले- तेज होगा आंदोलन
उरई। कर्मचारी, शिक्षक, अधिकारी एवं पेंशनर अधिकार मंच के बैनर तले पुरानी पेंशन बहाली समेत अन्य मांगों को लेकर शिक्षक, कर्मचारी और पेंशनरों ने बीएसए कार्यालय से बाइक रैली निकाली। रैली में शामिल कर्मचारी सरकार विरोधी नारेबाजी कर रहे थे। रैली शहीद भगत सिंह चौराहा, आंबेडकर चौराहा होकर कलक्ट्रेट पहुंची।
रैली का नेतृत्व कर रहे विद्यासागर मिश्रा, पलक नायक गुलाब सिंह, हरगोविंद दयाल श्रीवास्तव ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली एक महत्वपूर्ण मांग है। रिटायरमेंट के बाद यही कर्मचारियों का एकमात्र सहारा होता है। नई पेंशन योजना में सरकार की कोई गारंटी नहीं है। संजय दुबे, युद्धवीर कंथरिया, मनीष समाधिया, अविनाश मिश्रा ने कहा कि 45 हजार रुपये पाने वाले शिक्षामित्रों को दस हजार रुपये वेतन पर लाकर रख दिया है। अनुदेशकों का मानदेय 17 हजार से घटाकर सात हजार कर दिया गया है।
कस्तूरबा विद्यालय के दो हजार शिक्षकों को नौकरी से निकाला जा रहा है। सरकार की हठधर्मिता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शिक्षक कर्मचारी अपना हक लेकर रहेंगे। संचालन नरेश निरंजन ने किया। इस दौरान शिवसागर, देवेंद्र सिंह, अरुण, अमित कुमार, कौशलेंद्र उदयकरन, प्रेमचंद्र, मानसिंह, अरविंद रामराजा अर्चना, शोभा आदि मौजूद रहे।

