एटा। कर्मचारी शिक्षक अधिकारी एवं पेंशनर्स अधिकार मंच के पदाधिकारियों ने मंगलवार को बाइक रैली निकाली। बाइक रैली निकालते वक्त पुरानी पेंशन भीख नहीं, यह अधिकार हमारा है नारे लगाए गए।
जिलाध्यक्ष राकेश चौहान और प्रधान महासचिव राजकुमार सिंह के नेतृत्व में जीटी रोड स्थित शहीद पार्क में सुबह करीब दस बजे से बाइक रैली शुरू हुई। नारेबाजी करते हुए रैली शहर भर में निकाली गई। अंत में कलक्ट्रेट पर समापन किया गया। इस दौरान कलक्ट्रेट पर अपनी मांगों को लेकर सीएम को संबोधित ज्ञापन डिप्टी कलक्टर अबुल कलाम को सौंपा। संघ के मांडलिक अध्यक्ष रामलाल कुशवाह, कोषाध्यक्ष अजय कुमार, पुष्पेंद्र कुमार, लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष नेम सिंह, महेंद्र सिंह, नरेद्र, ग्रीश चंद्रा, धनदेवी, दीपक आदि मौजूद रहे।

